अहमदाबाद । राष्ट्रभाषा प्रचार समिति और गुजरात प्रान्तीय राष्ट्रभाषा प्रचार समिति के संयुक्त तत्वावधान में 22 फरवरी 2026 को भव्य हिंदी स्पर्धाओं का आयोजन किया जा रहा है। एलिसब्रिज स्थित ‘राष्ट्रभाषा हिंदी भवन’ में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्रों में वैचारिक कौशल और हिंदी के प्रति प्रेम को प्रोत्साहित करना है। प्रतियोगिता के तहत स्कूली छात्रों के लिए सोशल मीडिया और हिंदी सिनेमा जैसे विषयों पर ‘जेठालाल जोषी विजयपद्म वक्तृत्व एवं निबंध स्पर्धा’ आयोजित होगी। वहीं, राज्य भर के महाविद्यालयों के लिए ‘71वीं सरदार वल्लभभाई पटेल विजयपद्म वक्तृत्व स्पर्धा’ का आयोजन किया जाएगा, जिसका विषय ‘एक राष्ट्र, एक भाषा’ जैसे ज्वलंत मुद्दों पर आधारित है। संस्था के पदाधिकारियों ने गुजरात के सभी शिक्षण संस्थानों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में छात्रों को भेजकर इस भाषाई महाकुंभ को सफल बनाएँ। निबंध भेजने की अंतिम तिथि 28 फरवरी निर्धारित की गई है।

