अहमदाबाद
गुजरात विधानसभा चुनाव 2027 से पहले ‘सेमीफाइनल’ माने जा रहे स्थानीय निकाय चुनावों के परिणाम घोषित हो चुके हैं, जिसमें भारतीय जनता पार्टी ने लगभग 90% सीटों पर अपना परचम लहराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। इस भव्य सफलता के पीछे संगठन की सटीक रणनीति और जमीन पर पसीना बहाने वाले कार्यकर्ताओं की मेहनत रही है। विशेष रूप से राजस्थान मूल के भाजपा गुजरात प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य नरेंद्र सिंह पुरोहित ने इस चुनाव में अपनी सांगठनिक कुशलता से पार्टी के जनाधार को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। भाजपा शीर्ष नेतृत्व ने नरेंद्र सिंह पुरोहित को सौराष्ट्र क्षेत्र में जनसंपर्क, सभाएं और प्रतिष्ठित महानुभावों से संवाद की अहम जिम्मेदारी सौंपी थी। पुरोहित ने भीषण गर्मी की परवाह किए बिना 16 से 23 अप्रैल तक सतत प्रवास किया। उन्होंने सौराष्ट्र के मोरबी, गांधीधाम, राजकोट, जामनगर, भावनगर, गिर सोमनाथ, अमरेली और बोटाद जैसे जिलों में सघन दौरा कर सामाजिक प्रबुद्धजनों के साथ बैठकें कीं। उनके प्रवास का सकारात्मक असर चुनावी नतीजों में स्पष्ट रूप से दिखा, जहाँ इन सभी जिलों में भाजपा को पहले से कहीं अधिक जनसमर्थन और सीटें प्राप्त हुईं। सौराष्ट्र के साथ-साथ अहमदाबाद शहर में भी उनकी भूमिका निर्णायक रही। प्रत्याशियों की घोषणा के बाद, पार्टी के निर्देशानुसार उन्होंने अन्य भाषी (प्रवासी) बाहुल्य वार्डों में जाकर सभाएं लीं और पार्टी के पक्ष में माहौल बनाया। विशेष बात यह रही कि टिकट वितरण को लेकर जहाँ कहीं भी असंतोष या नाराजगी थी, पुरोहित ने व्यक्तिगत रूप से उन कार्यकर्ताओं और बंधुओं से मिलकर उनकी शिकायतों को दूर किया और उन्हें मुख्यधारा के काम में जुड़ने के लिए प्रोत्साहित किया। उनके इन प्रयासों के परिणामस्वरूप अहमदाबाद शहर के लगभग सभी प्रत्याशियों ने भव्य विजय हासिल की है। इस सफलता ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि गुजरात के विकास और भाजपा की संगठनात्मक मजबूती में प्रवासी समाज और नरेंद्र सिंह पुरोहित जैसे समर्पित नेताओं का अटूट विश्वास और कड़ी मेहनत एक प्रमुख स्तंभ है।

