आगरा
अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने पत्नी जेनेट रूबियो के साथ सोमवार को ताजमहल देखा। दोनों ने डायना बेंच पर बैठकर फोटो खिंचवाए। 41 डिग्री तापमान में मार्को और जेनेट 45 मिनट तक ताजमहल परिसर में घूमे। जेनेट ने ताज को देखकर कहा- बेहद खूबसूरत।गाइड नितिन सिंह से दोनों ने ताजमहल की नक्काशी के बारे में जानकारी ली और कई सवाल पूछे। नितिन ने दैनिक भास्कर को फोन पर बताया कि मार्को और जेनेट बहुत खुश थे। ताजमहल की खूबसूरती और आर्किटेक्चर से काफी प्रभावित हुए। उन्होंने बताया- मार्को ने पूछा कि ताजमहल को बनाने में कितने लोग लगे थे।जेनेट इतनी खुश हुईं कि उन्होंने कहा- अगली बार बच्चों को साथ लेकर आऊंगी। सूर्योदय के वक्त ताज के नजारे का आनंद लूंगी। बता दें कि मार्को और जेनेट के चार बच्चे हैं- 2 बेटियां डैनिएला और अमांडा, बेटे एंथनी और डोमिनिक।इससे पहले, मार्को काले कोट-पैंट में, जबकि जेनेट गाउन में काला चश्मा लगाकर ताजमहल पहुंचे। दोनों 60 लोगों के प्रतिनिधिमंडल के साथ सुबह 10 बजे आगरा पहुंचे। एयरपोर्ट पर कमिश्नर दीपक कुमार और डीएम मनीष बंसल ने उनको रिसीव किया। यहां से सीधे ताजमहल पहुंचे और गोल्फ कार्ट से परिसर के भीतर गए। ताजमहल देखने के बाद मार्को रूबियो प्रतिनिधिमंडल के साथ होटल अमर विलास पहुंचे। यहां लंच के बाद वे दोपहर 12:48 बजे खेरिया एयरपोर्ट से विशेष विमान से जयपुर रवाना हो गए। मार्को के दौरे को देखते हुए ताजमहल में बैरिकेडिंग की गई और अंदर मौजूद पर्यटकों को कुछ समय के लिए बाहर कर दिया गया था।

