अहमदाबाद। डी.सी. स्थित यू.एस.-इंडिया बिजनेस काउंसिल (USIBC) द्वारा इफको के अध्यक्ष दिलीप संघाणी के नेतृत्व में आए PHDCCI प्रतिनिधिमंडल की मेजबानी की गई, जो इस बैठक के महत्व और प्रभाव को स्पष्ट रूप से दर्शाता है। बैठक के संपन्न होने के बाद USIBC ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया मंच पर इस संवाद को भारत-अमेरिका कृषि सहयोग को और मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। USIBC ने अपने संदेश में उल्लेख किया कि दिलीप संघाणी के नेतृत्व में हुए विचार-विमर्श ने कृषि क्षेत्र में भारत और अमेरिका के बीच सहयोग को नई ऊर्जा व गति देने, साझा चुनौतियों के समाधान तलाशने तथा उभरते अवसरों पर सार्थक चर्चा के लिए मार्ग प्रशस्त किया है। परिषद ने विशेष रूप से नवाचार (इन्नोवेशन) आधारित कृषि नीतियों, टिकाऊ कृषि विकास, खाद्य सुरक्षा और किसानों की समृद्धि के लिए दोनों देशों के बीच एक मजबूत साझेदारी की आवश्यकता पर बल दिया। यह उल्लेखनीय है कि अमेरिका के प्रतिष्ठित उद्योग एवं व्यापार संगठन USIBC द्वारा इस बैठक को सार्वजनिक रूप से विशेष महत्व देना भारतीय सहकारिता आंदोलन की बढ़ती वैश्विक स्वीकार्यता, इफको की अंतर्राष्ट्रीय प्रतिष्ठा तथा दिलीप संघाणी के नेतृत्व में भारतीय किसानों के हितों को वैश्विक मंचों पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने की क्षमता का प्रमाण है।

