मुंबई। महिलाओं को वित्तीय रूप से आत्मनिर्भर बनाने और निवेश के प्रति जागरूक करने के लिए एचडीएफसी म्यूचुअल फंड (HDFC Mutual Fund) ने आज देश में अपनी तरह की पहली राष्ट्रव्यापी निवेशक शिक्षा और जागरूकता पहल ‘नारी निवेश यात्रा’ की शुरुआत की है। इस विशेष अभियान को मुंबई के बांद्रा स्थित चेतना कॉलेज से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। घर के वित्तीय फैसलों और संपत्ति निर्माण में महिलाओं की बढ़ती भूमिका को देखते हुए यह अभियान शुरू किया गया है। अगले छह महीनों तक चलने वाले इस व्यापक आउटरीच कार्यक्रम के तहत दो विशेष प्रचार वाहन (Canters) देश के अलग-अलग हिस्सों और शहरों का दौरा करेंगे। हर शहर में नुक्कड़ नाटक और इंटरैक्टिव सत्रों के जरिए महिलाओं को निवेश की बारीकियां बेहद सरल भाषा में समझाई जाएंगी। इस यात्रा का मुख्य फोकस जमीनी स्तर पर महिलाओं से सीधे जुड़ना है। इस अभियान के दौरान एचडीएफसी म्यूचुअल फंड देश भर में महिला स्वयं सहायता समूहों (SHGs) के साथ 60 विशेष सत्र आयोजित करेगा। इन सत्रों में वित्तीय योजना, लक्ष्य-आधारित निवेश, दीर्घकालिक संपत्ति निर्माण और अनुशासित निवेश की आदतों के महत्व पर चर्चा की जाएगी। एचडीएफसी एसेट मैनेजमेंट कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक (MD) और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) श्री नवनीत मुणोत ने इस लॉन्चिंग पर कहा: “पूरे भारत में महिलाएं अक्सर घर की सबसे अनुशासित बचतकर्ता होती हैं, फिर भी पर्सनल फाइनेंस को लेकर सही चर्चा न होने के कारण कई महिलाएं व्यवस्थित निवेश से दूर रह जाती हैं। ‘नारी निवेश यात्रा’ इसी दूरी को पाटने की एक कोशिश है। नुक्कड़ नाटकों और स्वयं सहायता समूहों के साथ सीधे संवाद के जरिए हम निवेश को जटिल नहीं, बल्कि उनके वित्तीय लक्ष्यों को पूरा करने वाले एक व्यावहारिक साधन के रूप में पेश करना चाहते हैं।” यह यात्रा एचडीएफसी म्यूचुअल फंड के मौजूदा जागरूकता अभियान ‘बरनी से आजादी’ का ही एक विस्तार है, जो लोगों को पारंपरिक बचत के तरीकों से आगे बढ़कर समझदारी से निवेश करने के लिए प्रेरित करता है। म्यूचुअल फंड में निवेश करने के लिए वन-टाइम केवाईसी (KYC) प्रक्रिया पूरी करना अनिवार्य है। निवेशकों को हमेशा केवल सेबी (SEBI) पंजीकृत म्यूचुअल फंड के साथ ही लेनदेन करना चाहिए। किसी भी शिकायत या समस्या के लिए निवेशक सीधे एएमसी (AMC) से संपर्क कर सकते हैं या सेबी के ‘SCORES’ पोर्टल (https://scores.sebi.gov.in/) और स्मार्ट ओडीआर (https://smartodr.in/) पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। म्यूचुअल फंड निवेश बाजार के जोखिमों के अधीन हैं, योजना से जुड़े सभी दस्तावेजों को ध्यान से पढ़ें।

