काबुल
अफगानिस्तान की सत्ता पर तालिबान के कब्जे को दो साल बीत चुके हैं। इस दौरान अफगानिस्तान की पूर्व सरकार में काम करने वाले 200 से ज्यादा अधिकारियों की हत्याएं हो चुकी है। यह खुलासा संयुक्त राष्ट्र की ओर से जारी एक रिपोर्ट से हुआ है।अफगानिस्तान में संयुक्त राष्ट्र सहायता मिशन के अनुसार, सत्ता पर कब्जे के बाद तालिबान के निशाने पर सेना के जवान, पुलिस, खुफिया विभाग से जुड़े और न्यायिक अधिकारी शामिल हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि तालिबान लड़ाकों ने पूर्व अधिकारियों और जवानों को पहले हिरासत में लिया। कुछ को जेलों में बंद कर प्रताड़ित किया और उसके बाद हिरासत में ही उन्हें मौत के घाट उतार दिया। कई मामले ऐसे भी है, जब हिरासत में लिए गए अधिकारियों को अज्ञात स्थानों पर ले जाकर मार डाला गया। उनके शवों को इधर-उधर फेंक दिया गया। कुछ मामलों में शव परिवार के सदस्यों को भी सौंपे गए। सभी 34 प्रांतों में अमानवीय घटनाएं सामने आई हैं।इनमें सबसे अधिक संख्या काबुल, कंधार और बल्ख प्रांतों में दर्ज की गई। यूएन ने 15 अगस्त 2021 में तालिबान के आने के बाद से जून 2023 के तक पूर्व अफगान सरकारी अधिकारियों और सुरक्षा बलों के खिलाफ 800 से अधिक मानवाधिकार उल्लंघन को रिपोर्ट में शामिल किया है।संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार उच्चायुक्त वोल्कर तुर्क ने कहा कि यह ‘पूर्व सरकार और सुरक्षा बलों से जुड़े व्यक्तियों के साथ बुरे सुलूक की एक गंभीर तस्वीर प्रस्तुत करता है।Óरिपोर्ट के मुताबिक संयुक्त राष्ट्र के लिए काम करने वाले लोगों को भी पकड़ लिया गया। उन लोगों को पाइप से बांधने से लेकर केबल से पिटाई, एक ही जगह कई दिनों तक खड़ा रखने जैसी यातनाएं दी गईं। कुछ लोग तो आज तक लौटे नहीं हैं।