बंगलुरु। भारत के चंद्र मिशन ‘चंद्रयान-3’ के विक्रम लैंडर के साथ गए प्रज्ञान रोवर ने चंद्रमा से अपना हालचाल बताया है। प्रज्ञान रोवर ने एक मैसेज भेजा है, जिसमें उसने पृथ्वीवासियों का हालचाल भी लिया है। रोवर ने बताया है कि वह और उसका दोस्त विक्रम लैंडर संपर्क में हैं और दोनों की सेहत अच्छी है। इसी के साथ संदेश में यह भी है कि जल्द ही सबसे अच्छा परिणाम आने वाला है।इसरो ने मंगलवार को चंद्रयान-3 मिशन पर नया अपडेट दिया है। इसरो ने बताया कि चंद्रयान-3 के प्रज्ञान रोवर सही तरह से काम कर रहा है और अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रहा है। प्रज्ञान रोवर चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर घूम रहा है और वहां से नई जानकारी जुटा रहा है। इसरो ने बताया कि रोवर अब चंद्रमा पर रहस्यों का पता लगाने में जुटा है। साथ ही उसने वहां से धरतीवासियों के लिए खास संदेश भी भेजा है। उसने बताया कि जल्द ही कुछ नई जानकारी सामने आने वाली है। इसरो प्रमुख एस सोमनाथ समेत कई भारतीय वैज्ञानिक पहले उम्मीद जता चुके हैं कि चंद्रयान-3 एक और चंद्र दिवस में भी काम कर सकता है। इसके लिए इसे चंद्रमा के रात के अत्यधिक ठंडे तापमान में बचे रहना होगा। जानकार बताते हैं कि सूरज ढलने पर चांद के कुछ हिस्सों में तापमान माइनस 203 डिग्री तक चला जाता है।