नई दिल्ली । चांद की सतह पर खोजबीन कर रहे भारत के चंद्रयान-3 मिशन के प्रज्ञान रोवर का एक नया वीडियो सामने आया है. इस वीडियो में रोवर खोजबीन करने की जगह एक नटखट बच्चेे की तरह मस्तीी करता नजर आ रहा है. रोवर द्वारा गोल गोल घूमने का वीडियो चंद्रयान के विक्रम लैंडर से लिया गया है. इस वीडियो को इसरो ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट (पहले ट्विटर) पर शेयर किया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया है. लोग चंद्रयान मिशन के रोवर के इस नटखट अंदाज को काफी पसंद कर रहे हैं. इसरो ने 24 सेकंड के इस वीडियो के साथ सोशल मीडिया पर लिखा, ‘सुरक्षित मार्ग की तलाश में रोवर को घुमाया गया. इस घूमने को लैंडर इमेजर कैमरे द्वारा कैप्चर किया गया. ऐसा महसूस होता है कि मानो कोई बच्चा चंदामामा के आंगन में अठखेलियां कर रहा हो और मां प्यार से देख रही हो. है ना?’