इंफाल। मणिपुर में बुधवार को एक बार फिर हिंसा हुई। हमलावरों ने मैतेई इलाके में घुसकर देर रात करीब साढ़े 10 से 11 बजे के बीच दो-तीन घरों में आग लगा दी। घटना इंफाल वेस्ट के कैथेलमांगबी के पत्सोई थाना क्षेत्र की है। सभी हमलावर हथियारों से लैस थे।पुलिस ने बताया कि उपद्रवियों ने कई राउंड फायरिंग भी की। घटना के बाद हमलावर भाग गए। इसके बाद मैतेई समुदाय की महिलाओं का एक समूह घटनास्थल पर इकट्ठा हो गया। सुरक्षाबलों ने महिलाओं को आगे बढ़ने से रोका और शांति कायम करने की कोशिश की।पुलिस ने दावा किया है कि हालात को काबू में कर लिया गया है। हालांकि गुरुवार सुबह तक फायरिंग की आवाज रुक-रुक कर आती रही। जुलाई से लापता दो स्टूडेंट्स की हत्या की बात सामने आने के बाद से ही मणिपुर में हिंसा हो रही है।