पटना। पटना में सीपीआई की रैली में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कांग्रेस को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को इंडिया गठबंधन की चिंता नहीं है। वो 5 राज्यों के विधानसभा चुनाव में व्यस्त हैं। उनकी वजह से इंडिया गठबंधन का कामकाज प्रभावित हुआ है। अब हम लोग आगे की बातें चुनाव के बाद ही बैठकर तय करेंगे।26 अक्टूबर को कांग्रेस के ऑफिस सदाकत आश्रम में श्रीकृष्ण सिंह की जयंती मनाई गई थी। लालू कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इस कार्यक्रम में नीतीश को भी निमंत्रण था, लेकिन वो नहीं गए थे। 6 दिन बाद आज सीपीआई के मंच से मुख्यमंत्री ने उस कार्यक्रम में ना जाने की वजह को साफ किया है।गुरुवार को मिलर स्कूल में हो रही इस रैली में मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि सीपीआई के साथ हमारा पुराना रिश्ता है। कम्युनिस्ट पार्टी दो हिस्सा में बंट गई है। इसको एक होने के लिए सोचना चाहिए।नीतीश ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आज जो सरकार देश में है उसको देश की आजादी से कोई मतलब नहीं है। भाजपा हिंदू-मुस्लिम में झंझट करना चाहती है। 2007 से हम कंट्रोल कर रहे हैं।हम लोग बिहार में 95% को एकजुट किए हैं। बिहार में जितना काम किया जा रहा है वह कहां छप रहा। उन्होंने कहा कि हम लोग इतना बहाली किए हैं फिर भी थोड़ा-बहुत छपता है। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ऑल इंडिया ट्रेड यूनियन कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव अमरजीत कौर, राष्ट्रीय सचिव रामकृष्ण पंडा, वित्त, वाणिज्यकर एवं संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के विधायक रामरतन सिंह, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के विधायक सूर्यकांत पासवान, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के विधान पार्षद संजय कुमार सिंह, जदयू के विधान पार्षद संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी, जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा उपस्थित थे।