वॉशिंगटन। अमेरिका के कस्टम और सीमा सुरक्षा के आंकड़ों के अनुसार, अक्तूबर 2022 से सितंबर 2023 के बीच 96,917 भारतीयों ने अवैध रूप से अमेरिका में प्रवेश किया है। आंकड़ों के अनुसार, अवैध रूप से अमेरिका में दाखिल होते पकड़े गए भारतीयों की संख्या पिछले साल बढ़कर पांच गुना हो गई है। साल 2019-20 में 19,883 भारतीय अवैध रूप से अमेरिका की सीमा में प्रवेश करते हुए पकड़े गए।वहीं साल 2020-21 में ये आंकड़ा 30,662 और 2021-22 में 63,927 रहा। अक्तूबर 2022 से सितंबर 2023 के बीच यह आंकड़ा बढ़कर 96,917 हो गया है। बीते साल पकड़े गए कुल लोगों में से 30,010 कनाडा सीमा पर और 41,770 मैक्सिको बॉर्डर से पकड़े गए हैं। पकड़े भारतीयों को चार श्रेणियों में वर्गीकृत किया गया है, जिनमें नाबालिग के साथ, परिवार के सदस्य, एकल व्यस्क और बच्चों के साथ जैसी श्रेणियां शामिल हैं। पकड़े गए लोगों में सबसे ज्यादा संख्या एकल व्यस्कों की है। अमेरिका के सीनेटर जेम्स लैंकफोर्ड ने बड़ी तादाद में लोगों के अवैध रूप से अमेरिका आने पर चिंता जाहिर की। लैंकफोर्ड ने कहा कि लोग कई फ्लाइट्स बदलकर मैक्सिको पहुंचते हैं और फिर वहां के गिरोह उन्हें अवैध रूप से अमेरिका में दाखिल कराते हैं। उन्होंने कहा कि दुनियाभर से लोग अवैध तरीके से अमेरिका आकर हमारे सिस्टम का शोषण कर रहे हैं और इसे नियंत्रित करने के लिए नीति बनानी बेहद जरूरी है। भारतीय अमेरिकन ड्रीम के चक्कर में अपनी जान भी जोखिम डाल रहे हैं। पिछले साल 21 जनवरी को अमेरिका से 30 मील पहले कनाडा में एक गुजराती परिवार के चार लोगों के शव बर्फ में दबे मिले थे। यह परिवार अवैध तरीके से अमेरिका में दाखिल होना चाहता था और बर्फीले तूफान की जद में आ गया।इसी तरह, पिछले साल जून में अमेरिकी सीमा पर पेट्रोलिंग टीम ने डूबती हुई बोट से 6 भारतीयों को बचाया। इन पर गैरकानूनी तरीके से अमेरिका में घुसने का केस दर्ज किया गया था।