मैड्रिड। स्पेन में पुलिस ने पाकिस्तानी मूल के 14 लोगों को गिरफ्तार किया। इसे संदिग्ध जिहादी नेटवर्क बताया जा रहा है। 7 अक्टूबर को इजराइल पर हमास के हमले के बाद स्पेन में आतंकवाद विरोधी गतिविधियों को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। इसी दौरान ये गिरफ्तारियां हुईं।ऐसा माना जाता है कि इन लोगों ने एक नेटवर्क बनाया जिसमें ये ऑनलाइन जिहादी मैसेज और कट्टरता फैलाते थे। पिछले महीने 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया था।द यूरोपियन कंजर्वेटिव के पत्रकार डेविड एथरटन ने ट्वीट करते हुए कहा कि ये 14 लोग पाकिस्तान के एक इस्लामी चरमपंथी राजनीतिक दल तहरीक-ए-लब्बैक पाकिस्तान (TLP) से जुड़े हुए हैं।TLP पाकिस्तान में 2015 में स्थापित एक धार्मिक-राजनीतिक संगठन है, जो अपने आप को पैगंबर मोहम्मद की शान का रखवाला बताता है।स्पेन के सबसे बड़े अंग्रेजी समाचार पत्र यूरो वीकली न्यूज के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए लोगों को बुधवार (स्थानीय समय) को अदालत में पेश किया गया।
कोर्ट को बताया गया कि इन जिहादियों को आतंकवादी गतिविधियों के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। ये लोग कैटेलोनिया, वालेंसिया, गुइपुजकोआ, विटोरिया, लोग्रोनो और लिलेडा में रहते थे।