नई दिल्ली। केंद्रीय खेल और सूचना प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए पूछा है कि जम्मू-कश्मीर में 45,000 लोगों की मौत के लिए कांग्रेस नेता किसे जिम्मेदार मानते हैं। दरअसल, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जम्मू-कश्मीर में दशकों की अस्थिरता के लिए देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू को जिम्मेदार ठहराया था। इस पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रतिक्रिया देते हुए अमित शाह पर पलटवार किया था। ठाकुर ने सबसे पुरानी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह पूर्व में घटित स्थिति की जिम्मेदारी नहीं संभाल सकते। ठाकुर ने कहा, इतिहास पूर्व पीएम जवाहरलाल नेहरू और कांग्रेस पार्टी को कभी माफ नहीं करेगा।राजनीतिक फायदे के लिए कांग्रेस ने देश को जो घाव दिए, इतिहास उसका गवाह है। वह सरदार वल्लभभाई पटेल ही थे, जिन्होंने देश के पहले गृह मंत्री के रूप में 553 रियासतों को एकजुट किया और एक मजबूत देश की नींव रखी।