नई दिल्ली
देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतें एक बार फिर तेजी से बढ़ रही हैं और अब आम आदमी की जेब पर इसका सीधा असर दिखने लगा है. सोमवार को सरकारी तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल के दाम में फिर बड़ी बढ़ोतरी कर दी. इसके साथ ही 11 दिनों के भीतर यह चौथी बढ़ोतरी हो गई है. हालात ऐसे बन गए हैं कि मई 2022 के बाद पहली बार देश में ईंधन की कीमतें इतने ऊंचे स्तर पर पहुंच गई हैं. अर्थशास्त्रियों का कहना है कि अगर ग्लोबल क्रूड ऑयल की कीमतें इसी तरह ऊंची बनी रहीं, तो हर कुछ दिन पर पेट्रोल और डीजल महंगा होना अब नई हकीकत बन सकता है. सरकारी तेल कंपनियों ने सोमवार को पेट्रोल की कीमतों में 2.61 से 2.71 रुपये प्रति लीटर तक और डीजल में भी बड़ी बढ़ोतरी की. 15 मई 2026 से अब तक यह चौथी बार है जब ईंधन की कीमतें बढ़ाई गई हैं.15 मई को करीब 3 रुपये प्रति लीटर की पहली बड़ी बढ़ोतरी हुई थी. इसके बाद 19 मई को पेट्रोल 87 पैसे और डीजल 91 पैसे महंगा हुआ. फिर 23 मई को दोबारा 87 से 91 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई. अब सोमवार की नई बढ़ोतरी के बाद कुल मिलाकर पेट्रोल और डीजल करीब 7.5 रुपये प्रति लीटर तक महंगे हो चुके हैं.दिलचस्प बात यह है कि सरकार ने कुछ ही समय पहले पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी घटाकर लोगों को राहत देने की कोशिश की थी, ताकि ग्लोबल क्रूड की बढ़ती कीमतों का पूरा असर सीधे जनता पर न पड़े. लेकिन पश्चिम एशिया में जारी तनाव, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में सप्लाई संकट, रुपये में कमजोरी और कच्चे तेल की कीमतों में 50 फीसदी से ज्यादा उछाल ने तेल कंपनियों पर भारी दबाव डाल दिया. वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के मुताबिक, एक्साइज ड्यूटी में कटौती से सरकार को करीब 1 लाख करोड़ रुपये का राजस्व नुकसान होगा. फरवरी के आखिर से ग्लोबल क्रूड ऑयल की कीमतों में 50 फीसदी से ज्यादा उछाल आ चुका है. अमेरिका और इजरायल की तरफ से ईरान पर कार्रवाई और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में तेल सप्लाई प्रभावित होने से पूरी दुनिया के ऊर्जा बाजार में दबाव बना हुआ है. भारत अपनी जरूरत का ज्यादातर कच्चा तेल आयात करता है, इसलिए अंतरराष्ट्रीय बाजार की हर हलचल का असर सीधे घरेलू कीमतों पर पड़ता है. इस दौरान सरकारी तेल कंपनियां काफी समय तक कीमतें स्थिर रखे हुए थीं. हालांकि ग्लोबल बाजार में लगातार महंगा हो रहा तेल, घटते रिफाइनिंग मार्जिन और रुपये की कमजोरी ने आयात लागत को तेजी से बढ़ा दिया. इसके बाद कंपनियों ने आखिरकार कीमतें बढ़ानी शुरू कर दीं.सोमवार की बढ़ोतरी के बाद तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में पेट्रोल 115.69 रुपये और डीजल 103.82 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है. केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में पेट्रोल 115.49 रुपये और डीजल 104.40 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है.कोलकाता में पेट्रोल 113.51 रुपये और डीजल 99.82 रुपये प्रति लीटर हो गया है. मुंबई में पेट्रोल 111.21 रुपये और डीजल 97.83 रुपये प्रति लीटर पहुंच चुका है. बेंगलुरु में पेट्रोल 110.93 रुपये और डीजल 98.80 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है. चेन्नई में पेट्रोल 107.77 रुपये और डीजल 99.55 रुपये प्रति लीटर हो गया है.राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 99.51 रुपये से बढ़कर 102.12 रुपये प्रति लीटर और डीजल 92.49 रुपये से बढ़कर 95.20 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है.

