मुंबई
भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) ने विवाहित जोड़ों के लिए दो नए संयुक्त जीवन (Joint Life) बीमा उत्पाद लॉन्च किए हैं। एलआईसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं प्रबंध निदेशक आर. दुरैस्वामि ने केंद्रीय कार्यालय में ‘एलआईसी की नई जीवन साथी एकल प्रीमियम (प्लान 888)’ तथा ‘एलआईसी की नई जीवन साथी सीमित प्रीमियम (प्लान 889)’ का आधिकारिक शुभारंभ किया। इस अवसर पर निगम के प्रबंध निदेशक श्री आर. चंदर, दिनेश पंत और रत्नाकर पटनायक भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। ये दोनों असहभागी, असंबद्ध, व्यक्तिगत बचत प्लान 1 जून, 2026 से बिक्री के लिए उपलब्ध होंगे। इस योजना की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि पति-पत्नी दोनों को एक ही पॉलिसी के अंतर्गत पूर्ण बीमा सुरक्षा मिलेगी। इसमें प्रवेश की न्यूनतम आयु 18 वर्ष है और पॉलिसीधारकों के लिए लोन सुविधा भी उपलब्ध है। न्यूनतम मूल बीमित राशि रु.3,00,000 है, जबकि अधिकतम की कोई ऊपरी सीमा नहीं है।
दोनों प्लान में मुख्य अंतर और लाभ
एकल प्रीमियम प्लान (प्लान 888): इसमें केवल एक बार प्रीमियम देना होगा। पूरी अवधि के दौरान प्रति वर्ष प्रत्येक रु.1,000 की बीमित राशि पर रु.70 की दर से ‘गारंटीड एडिशन्स’ जोड़े जाएंगे।
सीमित प्रीमियम प्लान (प्लान 889): इसमें 5, 10 या 15 वर्ष तक प्रीमियम चुकाने का विकल्प है। इसमें कुल वार्षिक प्रीमियम का 7% प्रति वर्ष गारंटीड एडिशन्स के रूप में मिलेगा। साथ ही, प्रीमियम भुगतान अवधि के दौरान साथी की प्रथम मृत्यु होने पर ‘प्रीमियम माफी’ का लाभ मिलेगा।
हितलाभ
परिपक्वता हितलाभ: अवधि के अंत तक किसी भी एक सदस्य के जीवित रहने पर मूल बीमित राशि के साथ संचित गारंटीड एडिशन्स दिए जाएंगे।
मृत्यु हितलाभ: पॉलिसी के दौरान प्रथम मृत्यु पर नामांकित व्यक्ति को मृत्यु हितलाभ मिलेगा और पॉलिसी चलती रहेगी। इसके बाद दूसरी मृत्यु होने पर पुनः मृत्यु हितलाभ राशि के साथ संचित गारंटीड एडिशन्स का भुगतान किया जाएगा।

