जामनगर । एक तरफ जहाँ दुनिया भर में युद्ध और भू-राजनीतिक तनावों (Geopolitical Tensions) की चर्चाएँ चल रही हैं, वहीं दूसरी ओर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के परिवार के एक सदस्य की जामनगर यात्रा ने सबका ध्यान अपनी ओर खींचा है। डोनाल्ड ट्रंप की बेटी टिफनी ट्रंप और उनके पति माइकल बोलोस रिलायंस के महत्वाकांक्षी ‘वनतारा’ प्रोजेक्ट का दौरा करने जामनगर पहुंचे। उनकी इस वीआईपी यात्रा को लेकर न सिर्फ गुजरात बल्कि पूरे देश के मीडिया में भारी उत्सुकता देखी जा रही है टिफनी ट्रंप और माइकल बोलोस की इस यात्रा का मुख्य आकर्षण रिलायंस का विश्व प्रसिद्ध वंतारा प्रोजेक्ट रहा। प्रकृति, वन्यजीव संरक्षण और आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के लिए मशहूर वनतारा ने बेहद कम समय में दुनिया भर में अपनी एक खास पहचान बनाई है। वन्यजीवों के संरक्षण, इलाज और पुनर्वास के लिए शुरू की गई इस अनूठी पहल की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहना हो रही है। विश्व की कई नामचीन हस्तियों के बाद अब इस लिस्ट में टिफनी ट्रंप और माइकल बोलोस का नाम भी जुड़ गया है। जामनगर एयरपोर्ट पर आगमन के बाद करीब 40 गाड़ियों के काफिले के साथ वे कड़ी सुरक्षा के बीच सीधे रिलायंस वनतारा के लिए रवाना हुए। पूरे रूट पर जामनगर पुलिस द्वारा सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे ताकि यह दौरा सुचारू और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके।

